
सिकंदरपुर, बलिया। क्षेत्र के गांधी इंटर कॉलेज में रविवार को महाराजा सुहेलदेव की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर ने पूजन-अर्चन कर किया। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ समाज के लोगों ने मंत्री का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
इस दौरान मुख्य अतिथि ने महाराजा सुहेलदेव के कृतित्व और व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम के आयोजक दिनेश राजभर व सत्येंद्र राजभर को बधाई दी। उन्होंने स्वजातीय लोगों से अपील किया कि उनकी भलाई भाजपा के साथ है और इसी पार्टी के साथ बने रहें। कहा कि समाज के लोगों को सबसे ज्यादा आवास की सुविधा इस सरकार में मिली है। बताया कि मसूद गाजी के नाम पर लगने वाला मेला प्रदेश सरकार में समाप्त कर दिया है। पूर्व विधायक संजय यादव ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में राजभर एकजुट हो रहे हैं। इनका सम्मान भारतीय जनता पार्टी के ही सरकार में है। कहा कि 50 हजार से भी अधिक संख्या इस विधानसभा क्षेत्र में है। राजभर समाज अपने अधिकारों के लिए लड़ रहा है तथा राजनीतिक भागीदारी भी निभा रहा है।
कार्यक्रम को पूर्व सांसद बब्बन राजभर, पूर्व राज्यसभा सांसद सकलदीप राजभर, पूर्व मंत्री छठ्ठू राम, अरविंद राय, संजय जयसवाल, आकाश तिवारी, मिठाई लाल भारती, विक्की राजभर, राजनाथ राजभर, डॉ. मदन राजभर, जयप्रकाश राजभर, प्रमोद गुप्त, भारतेंदु राय, डॉ. आशुतोष गुप्त, जितेंद्र सोनी आदि ने अपना विचार रखा। अध्यक्षता सकलदीप राजभर व संचालन अजय राजभर ने किया।