
बलिया। जिलेके के सिवानकला में स्थित एलएन नेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने विज्ञान एवं नवाचारों से संबंधित विभिन्न माडलों का निर्माण कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन विद्यालय के एमडी नियाज अहमद व एनएमजी और सीईसी के मैनेजिंग इंचार्ज नजरुलबारी ने किया। नियाज अहमद ने कहा कि आज का युग विज्ञान का युग है। वैज्ञानिक सोच, अभिरुचि, जागरूकता एवं नवाचारों को विकसित करने में विज्ञान प्रदर्शनी का महत्वपूर्ण योगदान होता है। इससे छात्रों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ वैज्ञानिक दृष्टिकोण का भी विकास होता है। नजरुलबारी ने छात्र-छात्राओं के प्रयासों की भूरि भूरि प्रशंसा की। विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने लाईफाई तकनीक, स्वचालित प्रणालियों, जल संरक्षण, भूकंप, वर्षा जल संचयन, आधुनिक यातायात प्रणाली, सड़क सुरक्षा, आधुनिक सिचाई पद्धति, डीएनए आधारित एवं जीवन को सरल तथा सुगम बनाने में उपयोगी तकनीकों पर अनेक मॉडलों का निर्माण कर उनका प्रदर्शन किया । विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए विभिन्न आकर्षक एवं महत्वपूर्ण मॉडलों की प्रशंसा कर उत्साहवर्धन किया। दो सौ से भी अधिक संख्या में विद्यार्थीयों ने इस प्रदर्शनी में प्रतिभाग किया। निर्णायक मंडल में पूनम शर्मा, शैलेश मिश्रा, आदिल नवाज, आकाश गुप्ता, रितेश गुप्ता, इंद्रजीत मईती शामिल रहे। प्रिंसिपल अंजली सिंह ने अंत में सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
