

सिकन्दरपुर, बलिया। आगामी महावीरी झंडा जुलूस के शांतिपूर्ण एवं सकुशल आयोजन को लेकर शुक्रवार देर सायं को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह द्वारा शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक सिकन्दरपुर थाने में आयोजकों एवं संभ्रांत नागरिकों की उपस्थिति में संपन्न हुई।
बैठक में जानकारी दी गई कि 14 जून, 18 जून, 21 जून, 24 जून एवं 27 जून 2025 को महावीरी झंडा जुलूस का आयोजन प्रस्तावित है। विशेष रूप से 27 जून को मुख्य जुलूस निकाला जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों से अब तक की गई तैयारियों की जानकारी प्राप्त की एवं आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने स्पष्ट कहा कि:
- जुलूस परंपरागत मार्ग और ढंग से ही निकाला जाए।
- समय का विशेष ध्यान रखा जाए।
- कोई भी नई परंपरा या प्रयोग न किया जाए।
- शांति एवं कानून व्यवस्था में खलल डालने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
- माननीय सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार डी.जे. की ध्वनि सीमा का पालन अनिवार्य है।
- डी.जे. पर आपत्तिजनक गाने, नारों अथवा किसी भी प्रकार की उत्तेजक सामग्री का प्रसारण वर्जित रहेगा।
- पूरी जुलूस की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
- आयोजक वालंटियर्स की सूची प्रशासन को उपलब्ध कराएं।
- जुलूस मार्गों की सफाई, बैरिकेडिंग व प्रकाश व्यवस्था पूरी तरह सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने भी दी चेतावनी
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कहा कि महावीरी झंडा जुलूस आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के वातावरण में संपन्न किया जाए। किसी प्रकार की अफवाह या सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट न किया जाए। सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जाएगी एवं दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी समस्या की स्थिति में पुलिस को तत्काल सूचित किया जाए।
स्थलीय निरीक्षण भी किया गया
बैठक के उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने महावीरी झंडा जुलूस के मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सिकंदरपुर श्री सुनील कुमार, क्षेत्राधिकारी सिकंदरपुर सहित कई अन्य अधिकारी एवं आयोजन समिति के सदस्य एवं संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।