
सिकन्दरपुर (बलिया)। तहसील क्षेत्र में शुक्रवार को 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
ब्लॉक नवानगर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री राजधारी सिंह ने योगाभ्यास कर लोगों को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि योग एक जीवनशैली है, जो शरीर और मन को संतुलित और सशक्त बनाता है। उन्होंने क्षेत्र की जनता को योग दिवस की शुभकामनाएं दीं।
वहीं, तहसील मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी सुनील कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ योग कर जनमानस को स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा दी। उन्होंने योग को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
खेजुरी स्थित अमरनाथ इंटर कॉलेज में पूर्व विधायक भगवान पाठक के नेतृत्व में योग दिवस मनाया गया। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है।
गांधी इंटर कॉलेज, सिकन्दरपुर में चेयरमैन प्रतिनिधि संजय जायसवाल के नेतृत्व में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। योगगुरुओं द्वारा विभिन्न योगासनों और प्राणायाम की विधियां सिखाई गईं, जिसमें छात्र-छात्राओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रमों में वक्ताओं ने बताया कि 21 जून को संयुक्त राष्ट्र द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया है। यह दिन साल का सबसे लंबा दिन होता है, जब सूर्य की किरणें उत्तरी गोलार्द्ध में सबसे अधिक समय तक रहती हैं। मान्यता है कि आज ही के दिन योगीराज शिव ने अपने शिष्यों को योग का ज्ञान प्रदान किया था।
योग दिवस के अवसर पर क्षेत्र के विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और सरकारी कार्यालयों में भी विभिन्न योग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।