
सिकन्दरपुर, बलिया। दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर बलिया में जश्न का माहौल है। जगह जगह पर मिठाइयां बांटी जा रही है। भाजपा कार्यकताओं की खुशी देखते ही बन रही है। दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की सरकार बनने और मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी की प्रचंड जीत की खबर सुनने के बाद सिकन्दरपुर में भाजपा कार्यकर्ताओ ने पूर्व विधायक व जिलाध्यक्ष भाजपा संजय यादव के नेतृत्व में होली और दीपावली एक साथ मनाई और जमकर जश्न मनाया। शनिवार को जैसे जैसे भाजपा कार्यकर्ताओं को दिल्ली विधानसभा में भाजपा की जीत की खबर मिलती रही वैसे वैसे भाजपा कार्यकर्ता चौराहे पर इकठ्ठा होना शुरू हो गये और उन्होंने जमकर पटाखे फोड़े और एक दूसरे पर अबीर गुलाल लगाया तथा मिठाई बांटी और आपस में एक दूसरे को खिलाई। इस अवसर पर भारत माता की जय तथा मोदी, योगी जिंदाबाद के नारों से वातावरण गूंज रहा था। संजय यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश भगवामय हो रहा है, जिसमें आज एक दिल्ली भी जुड़ गया। वहीं, दूसरी तरफ मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी की प्रचंड जीत ने प्रदेश के मुख्यमत्री योगी जी के कुशल शासन पर मुहर लगा दी है। इस चुनाव परिणाम से विपक्ष हताश हो गया है और जनता ने यह साबित कर दिया है कि भाजपा ही उन्हें कुशल और सुरक्षित शासन से सकता है। इस मौके पर अरविंद राय, सत्येंद्र राजभर,.मंडल अध्यक्ष आकाश तिवारी, डा. उमेश चंद, डा. आशुतोष गुप्ता, जितेंद्र सोनी, ओमप्रकाश यादव, अतुल, सोनू, अमृत आदि मौजूद रहे।