
सिकन्दरपुर, बलिया: सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के भांटी गांव निवासी किसान सुधाकर राय साइबर ठगी का शिकार हो गए। उनके बैंक खाते से 2 लाख 80 हजार रुपये की राशि 19 बार में निकाल ली गई। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
सुधाकर राय, पुत्र स्वर्गीय भुवनेश्वर राय, ने बताया कि 23 जून 2025 को उनके मोबाइल नंबर (9452288547) पर 9304111894 नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को टेलीकॉम कंपनी का कर्मचारी बताते हुए उनके जियो नंबर (6306912766) को 4G से 5G में अपग्रेड करने की बात कही। सुधाकर ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया, लेकिन बार-बार कॉल आने पर उन्होंने फोन काट दिया। उसी दिन शाम को उनका जियो नंबर बंद हो गया।
खेती के काम में व्यस्तता के कारण सुधाकर को तुरंत इसकी जानकारी नहीं हुई। 28 जून को जब वह जियो सेंटर, सिकंदरपुर पहुंचे तो पता चला कि उनका आधार कार्ड लॉक कर दिया गया है और उनके नंबर पर ई-सिम चालू कराया गया है। संदेह होने पर सुधाकर ने आधार संशोधन केंद्र पर संपर्क किया, जहां भी यही जानकारी मिली।
इसके बाद सुधाकर ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की सिकंदरपुर शाखा में अपने खाते की जांच कराई। पासबुक और स्टेटमेंट से खुलासा हुआ कि उनके खाते से 2 लाख 80 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। यह राशि 19 अलग-अलग लेनदेन में निकाली गई। यह जानकर सुधाकर सकते में आ गए और उन्होंने तत्काल साइबर सेल में ऑनलाइन शिकायत दर्ज की।