
बेल्थरारोड (बलिया)। फिल्मी सिटी मुंबई में रहकर फिल्म और सीरियल में काम करने वाले अमन जायसवाल (24) का लकड़ी के तख्ते में सील बन्द शव शनिवार की देर शाम करीब 07.15 बजे बेल्थरा रोड स्थित आवास पर एम्बुलेंस से पहुंचा। मृत अमन का शव मुम्बई से एयर प्लेन से बाबतपुर पहुंचा और वहां से एंबुलेंस द्वारा बेल्थरा रोड के लिए रवाना हुआ था। बेल्थरा रोड में घर पर एम्बुलेंस घर पर पहुंचते ही हजारों की संख्या में गमगीन आम जनता की भीड़ जुट गई थी। परिवार के लोग निरुत्तर बदहवास दिखे। हर कोई अमन की एक झलक पाने को बेताब दिखा। नए साल में जनवरी माह बहुत ही दुःख दाई दिखा, जहां दो अन्य युवकों की भी दुर्घटना में मौत हो चुकी है।
बताते चले कि स्थानीय नगर के प्रतिष्ठित व्यापारी दिनेश जायसवाल के पौत्र अमन जायसवाल (24) पुत्र आशीष जायसवाल की मुंबई में शुक्रवार को एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी थी। मौत की खबर मिलते ही परिजनों, चीख-चिल्लाह के साथ कोहराम मच गया। नगर सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गयी।
स्थानीय भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष प्रशान्त जायसवाल ‘‘मंटू‘‘ का भतीजा अमन जायसवाल बहुत ही होनहार युवक था। वह फिल्मी सिटी मुंबई में रहकर फिल्म और सीरियल में काम करता था। तीन सीरियल में वह मुख्य किरदार के रूप में काम कर चुका था।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को मुंबई स्थित आवास से लगभग 3 बजे बाइक पर सवार होकर अमन कही जा रहा था। जिसे पीछे से एक अज्ञात ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे अमन गम्भीर रूप से घायल हो गया। पुलिस द्वारा जिसे नजदीक अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। अमन के मौत की सूचना मिलते ही परिजनों सहित नगर में शोक की लहर दौड़ गयी थी। और उनके बेल्थरारोड स्थित आवास पर शुक्रवार की शाम से ही शुभचिंतकों, रिश्तेदारों सहित लोगों की भारी भीड़ लग गयी। लोगों के आने-जाने का तांता लग हुआ था।